भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड।
शामली। थानाभवन नगर में कश्यप समाज की ओर से महर्षि कश्यप जयंती पर शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गयी। शोभायात्रा का शुभारंभ दयाल आश्रम मंदिर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने झंडी दिखाकर किया। इससे पूर्व राजो की मोरी मंदिर में हवन यज्ञ कर देशवासियों की सुख-शांति की कामना की गई व प्रसाद वितरण किया गया। महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर सुबह हुए हवन पूजन के पश्चात मंदिर दयाल आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने महर्षि कश्यप के चित्र पर दीप प्रज्वलित किया व अपने संबोधन में कहा महर्षि कश्यप की शिक्षाओं से समाज मे समरसता बढ़ती है। हम सभी को उनके आदर्शों को जीवन मे अपनाना चाहिए।समाजसेवी पलटू राम कश्यप ने समाज को अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज के उत्थान में शिक्षा द्वारा सक्रिय भूमिका निभाई जाती है। इसलिये समाज के लोग शिक्षा को लेकर गंभीर हो और अपने बच्चों को शिक्षा दिलाये। आयोजन समिति की और से पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, पूर्व चैयरमैन संजय शर्मा, सभासद विनोद सैनी, राकेश काम्बोज, बिन्नी राणा, भारत भूषण आदि को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। मंदिर दयाल आश्रम से ढोल नगाड़ों, डीजे के साथ निकाली गई विशाल शोभायात्रा में महर्षि कश्यप जी, मां शेरा वाली, बाबा कालू व उनके शिष्य नारद, भारत माता, बजरंगबली, शिव पार्वती आदि की सुंदर झांकियों से सुसज्जित शोभायात्रा का नगर में अनेक स्थानों पर पुष्प वर्षा के साथ लोगो ने स्वागत किया। शोभायात्रा में पूर्व मंत्री सुरेश राणा, एमलसी सुरेश चंद्र कश्यप, संजय कुमार शर्मा, सुभाषाचंद्र कश्यप, राजेश तिवारी, भारत भूषण, बिन्नी राणा, शालू राणा, कन्हैया सैनी सभासद, कृष्ण कुमार, प्रेमचंद सभासद, अजब सिंह कश्यप, आशु सैनी, पंकज गोयल, सुरेंद्र कश्यप, दिनेश कुमार सभासद, रविंद्र गोयल आदि सैंकड़ो महिला पुरूष मौजूद रहे।















