मतदेय स्थलों के सम्भाजन को लेकर डीएम उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक, पारदर्शी निर्वाचन तैयारी पर दिया जोर

मुजफ्फरनगर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण एवं नये स्थलों के चिन्हांकन की प्रक्रिया की समीक्षा करना था।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में कार्यक्रम घोषित किया जा चुका है। उन्होंने जानकारी दी कि मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पूर्णनिर्धारण एवं नये मतदेय स्थल स्थापित करने हेतु भवनों का चिन्हांकन 29 अक्टूबर से 4 नवंबर 2025 तक पूरा कर लिया गया है। अब मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ 6 व 7 नवंबर को मतदेय स्थलों के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि आपत्तियों एवं सुझावों के लिए मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची 10 नवंबर 2025 को प्रकाशित की जाएगी और यह सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उसी दिन उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद वर्तमान सांसदों, विधायकों तथा राजनीतिक दलों से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों के निस्तारण के पश्चात 18 नवंबर 2025 तक सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके पश्चात सभी आवश्यक संलग्नकों सहित मतदेय स्थलों का प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय को आयोग के अनुमोदन हेतु 19 से 21 नवंबर के बीच भेजा जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा यह प्रस्ताव 24 नवंबर को निर्वाचन आयोग को अनुमोदनार्थ प्रेषित किया जाएगा।

डीएम उमेश मिश्रा ने बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि निर्वाचन नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर फॉर्म वितरण एवं भरवाए जा रहे हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने बीएलओ की नियुक्ति शीघ्र कर दें, ताकि मतदाता सूची को सही, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और राजनीतिक दलों के बीच समन्वय से ही एक स्वच्छ एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सकती है।

बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने सुझाव दिए और निर्वाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन के साथ सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, सभी उप जिलाधिकारी, संबंधित अधिकारीगण सहित भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, सीपीआई (एम), बहुजन समाज पार्टी और अन्य दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें सभी ने निष्पक्ष चुनाव के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts