थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित बिम्स्टेक सम्मेलन के इतर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस के बीच एक महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। इस बैठक को लेकर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बैठक दोनों देशों के बीच संबंधों में एक नई उम्मीद की किरण लेकर आई है।
फखरुल ने कहा, “बिम्स्टेक सम्मेलन के दौरान एक साइडलाइन मीटिंग का होना हमारे लिए खुशी की बात है। मौजूदा भू-राजनीतिक और वैश्विक संदर्भों के साथ-साथ बांग्लादेश और भारत के बीच क्षेत्रीय सहयोग की संभावनाओं को देखते हुए यह बैठक काफी अहम है। हमारे मुख्य सलाहकार डॉ. यूनुस और प्रधानमंत्री मोदी के बीच हुई यह बातचीत हमारे लिए आशा का संकेत है।”विशेषज्ञों का मानना है कि यह मुलाकात आने वाले समय में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है।















