मालाखेड़ा (अलवर)। लक्ष्मणगढ़ से अलवर तथा अलवर से लक्ष्मणगढ़ तक चौपहिया वाहनों से यात्रा करने वाले यात्रियों का सफर अब महंगा होने वाला है। अब यात्रियों को महुआ स्थित टोल प्लाजा के साथ–साथ अहीर का तिवारा में बनने वाले नए टोल प्लाजा पर भी शुल्क देना होगा। यह टोल प्लाजा स्टेट हाईवे 44 पर बन रहा है, जो पहले बिजवाड़ नरूका में प्रस्तावित था, लेकिन अब उसे स्थानांतरित कर अहीर का तिवारा में बनाया जा रहा है।
ग्रामीणों और किसानों ने इस टोल निर्माण पर नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि अहीर का तिवारा उनकी खातेदारी जमीन है, जहां कई परिवार निवास करते हैं। टोल प्लाजा बनने से उनके घरों के रास्ते बंद हो जाएंगे और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। साथ ही उन्हें किसी प्रकार का मुआवजा या प्रशासनिक नोटिस भी नहीं मिला है।
किसानों का कहना है कि यह निर्माण कार्य जबरन और बिना सूचना के हो रहा है, जो संविधान और भू राजस्व अधिनियम का उल्लंघन है। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि टोल कंपनी ने बिना किसी पूर्व सूचना के कृषि कनेक्शन के ट्रांसफार्मर हटा दिए, जिससे दो दिन से बिजली आपूर्ति ठप है और पशु–पक्षी तक पानी को तरस रहे हैं।
बिजली विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर हटाकर हाई वोल्टेज लाइन के नजदीक टावर पर लगा दिया गया है, जिससे जमीन में करंट फैलने का खतरा है। इस पर सहायक अभियंता तनिष्क कुमार ने कहा कि दूसरी जगह विद्युत पोल और डीपी लगाकर आपूर्ति बहाल की जाएगी।
वहीं, सार्वजनिक निर्माण विभाग के स्थानीय सहायक अभियंता ने कहा कि अब उनकी जगह किसी और की नियुक्ति हो चुकी है, और वर्तमान कार्य जयपुर की स्टेट हाईवे 44 कंपनी द्वारा कराया जा रहा है।















