मुज़फ्फरनगर में भारत के लौह पुरुष और एकता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर बुधवार को एक भव्य पदयात्रा एवं विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे ग्रेन चेंबर इंटर कॉलेज से आरंभ हुई इस ऐतिहासिक यात्रा का शुभारंभ प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने दीप प्रज्वलित कर किया। यह पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—गौशाला रोड, नई मंडी, द्वारकापुरी, गांधी कॉलोनी, सरवट फाटक, अहिल्याबाई मार्ग, रुड़की रोड, नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, शिव चौक, भगत सिंह रोड, हनुमान चौक, लोहिया बाजार और एस.डी. मार्केट—से होती हुई टाउन हॉल मैदान पहुँची, जहां शाम 4:30 बजे इसका समापन एक विशाल जनसभा के साथ हुआ।यात्रा के दौरान जगह–जगह नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा, जयघोष और फूलमालाओं से स्वागत किया। स्कूलों के छात्र–छात्राओं, सामाजिक संगठनों, महिला कार्यकर्ताओं और व्यापारिक संस्थाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक भोजन का आयोजन हुआ,
जिसमें छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और नृत्यों से सभी का मन मोह लिया।टाउन हॉल में आयोजित जनसभा में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि सरदार पटेल के कठोर परिश्रम और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही आज भारत एक सशक्त और अखंड राष्ट्र के रूप में खड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज सरदार पटेल के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार कर रहा है। वहीं, डॉ. संजीव बालियान ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल का जीवन सेवा, समर्पण और संगठन का आदर्श उदाहरण है, और युवाओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए।इस अवसर पर भाजपा के सभी अग्रणी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से वीरपाल निर्वाल, सुधीर सैनी, विजेंद्र पाल, संजय गर्ग, रोहतास पाल, सुनील दर्शन, विशाल गर्ग, राजीव गर्ग, प्रवीण खेड़ा, आदेश गुप्ता, नवनीत गुप्ता, अमित शर्मा, डॉ. अशोक, राजेश पाराशर, रूपिंदर सैनी, रेनू गर्ग, ममता अग्रवाल, मीनाक्षी स्वरूप, विकास गुप्ता, अजय अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन विधानसभा संयोजक विशाल गर्ग ने किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के आदर्श को जीवंत करने वाला है, और आज भारत उसी एकता की भावना से विश्व मंच पर अग्रणी बन रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और अखंड भारत के उनके स्वप्न को साकार करने का संकल्प लिया।
















