Neet की परीक्षा में अब किसी भी तरह की चूक से निपटने के लिए सरकार कमर कस चुकी है. गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के घर इसको लेकर एक बड़ी बैठक हुई. इसमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, NTA के डीजी समेत शिक्षा मंत्रालय और पीएमओ के भी अधिकारी मौजूद थे. बैठक करीब 40 मिनट चली. इसके खत्म होने के बाद राजनाथ सिंह और धर्मेंद्र प्रधान की परीक्षा को लेकर अलग से लंबी बैठक हुई. दरअसल, 3 मई को रद्द हुई नीट परीक्षा की गलतियों से सरकार ने सबक सीखते हुए आज यह बैठक की.जिस तरह से पेपर लीक होने के बाद देश में प्रदर्शन हुए. छात्रों और अभिभावकों की नाराजगी सामने आई उससे सरकार की फजीहत हुई. चूंकि मामला बच्चों के भविष्य से जुड़ा है, लिहाजा खुद पीएम मोदी ने अब इसकी कमान अपने हाथ में ले ली है. सूत्रों के मुताबिक, अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद प्रधानमंत्री के निर्देश पर ही पिछली नीट की परीक्षा रद्द की गई थी.
21 जून की परीक्षा पर PMO की पूरी नजर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं और प्रधानमंत्री को हर छोटी-बड़ी जानकारी लगातार दी जा रही है. इस बार पेपर सेटिंग, प्रिंटिंग और ट्रांसपोर्टेशन तक पूरी प्रक्रिया पर PMO की कड़ी निगरानी है. आज की बैठक में 21 जून को होने वाली NEET परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई. 21 जून को होने वाली परीक्षा में करीब 22-23 लाख छात्र शामिल होंगे.















