मुजफ्फरनगर के पचेड़ा रोड स्थित द प्लेटिनम रिजॉर्ट में अखिल भारतीय जाट महासभा मुजफ्फरनगर द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे अखिल भारतीय जाट महासभा के राष्ट्रीय सचिव धर्मवीर सिंह खोखर ने जाट समाज को केंद्रीय सेवाओं में आरक्षण दिलाए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने लंबे समय पहले जाटों को आरक्षण देने का वादा किया था। देश के गृहमंत्री अमित शाह ने भी इस विषय में जाट समाज के प्रतिनिधियों से हुई बैठक के दौरान वादा किया था कि यह मांग जल्द पूरी की जाएगी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने सरकार को याद दिलाया कि अपने वायदों को पूरा करना उसकी जिम्मेदारी है।बैठक में समाज में फैली विभिन्न कुरीतियों पर भी गंभीर चर्चा हुई। इसमें खास तौर पर विवाह समारोहों में अनावश्यक खर्च, दहेज प्रथा, मृत्यु भोज जैसी परंपराओं को समाप्त करने की बात कही गई। साथ ही युवाओं में बढ़ती नशे की लत पर चिंता जताते हुए इसे समाज के लिए खतरनाक बताया गया और युवाओं को जागरूक कर इस पर रोक लगाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।बैठक के दौरान हाल ही में सहारनपुर मंडल के लिए नियुक्त किए गए मंडल अध्यक्ष अरविंद जोहल ने अपनी मंडलीय कार्यकारिणी की घोषणा की। इस अवसर पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल–मालाओं से स्वागत किया गया और उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की पदाधिकारी भी उपस्थित रहीं और उन्होंने महिला भागीदारी को मजबूत बनाने पर भी विचार व्यक्त किए।यह बैठक समाज को एकजुट करने, उसकी प्रमुख मांगों को उजागर करने और सामाजिक सुधार की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने के उद्देश्य से आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।















