महिला से कुंडल लूटने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, लूटे गए कुंडल बरामद

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के शांतिनगर में महिला से कुंडल लूटने की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में गठित पुलिस टीम और एसओजी को सूचना मिली थी कि कुंडल लूट की घटना में शामिल दो बदमाश भोपा बाईपास पुल की ओर से किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से मोटरसाइकिल पर आ रहे हैं। सूचना पर रथेड़ी कट के पास सघन वाहन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने पीछा किया तो तेज रफ्तार के कारण बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।

पीछे बैठा बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए गन्ने के खेत में छिप गया, जबकि दूसरा आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने खेत की घेराबंदी कर आरोपी को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन उसके लगातार फायर करने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इसमें राजकुमार बावरिया पुत्र प्रेम बावरिया घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा महिला से लूटे गए पीली धातु के दो कुंडल बरामद हुए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इस संबंध में संबंधित धाराओं में पहले से दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts