दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बिना फेरे लौट गई बारात

नरैनी (बांदा)। कस्बे के अतर्रा मार्ग स्थित कान्हा मैरिज हाल में उस समय हड़कंप मच गया जब एक विवाह समारोह में दुल्हन ने ऐन वक्त पर शादी से इनकार कर दिया। जानकारी के अनुसार खरौंछ गांव निवासी रामजीवावन करवरिया की बेटी प्रिया की शादी कालिंजर मार्ग निवासी सेवानिवृत्त दरोगा रमेश चंद्र त्रिपाठी के पुत्र नितेश त्रिपाठी से तय हुई थी। रविवार की शाम धूमधाम से बारात मैरिज हाल पहुंची। वरमाला की तैयारी चल रही थी और द्वारचार की रस्म पूरी हो चुकी थी, लेकिन जैसे ही दूल्हा जयमाल के लिए मंच पर पहुंचा, दुल्हन काफी देर तक बाहर नहीं आई। जब स्थिति संदिग्ध लगी, तो वर पक्ष ने बातचीत की कोशिश की। पूछताछ करने पर दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया और किसी भी समझौते को मानने से मना कर दिया।

दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया और पूरी रात पंचायत चलती रही। रिश्तेदारों ने दुल्हन को मनाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही। सुबह चार बजे तक कोई समाधान न निकलने पर दूल्हा व बाराती बैरंग लौट गए। दूल्हे के पिता ने दावा किया कि लड़की की मानसिक स्थिति ठीक न होने के चलते ऐसा हुआ। हालांकि, इस विषय में किसी पक्ष ने कोई ठोस कारण नहीं बताया। शादी रुकने की यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts