मुजफ्फरनगर। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस लगातार सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने थाना बुढाना क्षेत्र में कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मार्ग पर तैनात पुलिस बल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेन्द्र पाल सिंह, थाना प्रभारी सुभाष अत्री सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चौधरी चरण सिंह तिराहे पर स्थापित अस्थायी कांवड़ पुलिस चौकी का निरीक्षण कर वहां तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने तथा श्रद्धालुओं और आमजन के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों और दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही कांवड़ मार्ग पर लगातार भ्रमणशील रहकर प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखने और किसी भी प्रकार की समस्या या अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, कानून व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।























































