महाराष्ट्र में नगर निकाय और नगर पालिका चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज़ हो गई है। 15 जनवरी को होने वाली वोटिंग से पहले सभी राजनीतिक दल पूरे दमखम के साथ मैदान में जुटे हैं। इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पहली बार अपने छोटे बेटे तेजस ठाकरे को सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार में उतार दिया है।
तेजस ठाकरे अब मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव के लिए शिवसेना (यूबीटी) के प्रचार अभियान में अहम भूमिका निभा रहे हैं। वे अपने बड़े भाई आदित्य ठाकरे के साथ पार्टी नेता के रूप में रैलियों, जनसभाओं और प्रचार कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। इसके साथ ही वे उद्धव ठाकरे के साथ भी मंच साझा कर रहे हैं।
इससे पहले तेजस ठाकरे मुख्य रूप से सोशल मीडिया के जरिए राजनीतिक रूप से सक्रिय थे। उन्होंने उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के दौरान भी सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी थी। लेकिन अब पहली बार वे पूरी तरह चुनावी राजनीति में उतरते नजर आ रहे हैं।राजनीतिक गलियारों में इसे ठाकरे परिवार की नई पीढ़ी की सक्रिय एंट्री के तौर पर देखा जा रहा है, जिसका असर आगामी बीएमसी चुनाव पर पड़ सकता है।















