शाहपुर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीबी उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के प्रसिद्ध चिकित्सक और भाजपा मंडल चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. गौरव सैनी ने 21 टीबी मरीजों को गोद लिया। उन्होंने इन मरीजों के ठीक होने तक उनके लिए पौष्टिक आहार की जिम्मेदारी ली और उन्हें पोषण किट वितरित की।
डॉ. सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भारत ने 2026 तक देश से टीबी को पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि टीबी के मरीजों को दवाइयों के साथ-साथ पौष्टिक आहार भी लेना बहुत ज़रूरी है, जिसमें सोयाबीन, च्यवनप्राश, मूंग दाल, सब्जियाँ और फल शामिल होने चाहिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओ.पी. जायसवाल ने बताया कि शाहपुर में लगभग 500 टीबी मरीज चिह्नित हैं, जिनका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ गरीब मरीज पौष्टिक आहार नहीं खरीद पाते, ऐसे मरीजों की पहचान करके समाज के प्रतिष्ठित लोगों की मदद से उनके लिए आहार की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने डॉ. सैनी की पहल की सराहना की और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोगों से भी इस नेक काम में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर डॉ. श्रीकांत शर्मा, डॉ. नरेंद्र आस्तिक, प्रवीण कुमार ए.आर.ओ, संजीव कुमार, सुभाष और रविंद्र कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।















