मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में सफलता हासिल कर जनपद का नाम रोशन करने वाले मेधावी युवाओं को प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने सफल अभ्यर्थियों के घर पहुंचकर उन्हें मिठाई खिलाई, पटका पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मंत्री कपिल देव अग्रवाल सबसे पहले बसंत विहार क्षेत्र स्थित आकाश कुमार पाल के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने आकाश कुमार पाल को पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। इसके बाद मंत्री ए–टू–ज़ेड कॉलोनी पहुंचे, जहां पवन त्यागी की पुत्री आंचल त्यागी के निवास पर जाकर उन्हें डिप्टी जेलर पद पर चयनित होने पर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं।इस गौरवपूर्ण अवसर पर दोनों सफल अभ्यर्थियों के परिजनों में खुशी की लहर देखने को मिली। परिवार के सदस्यों के चेहरे गर्व से खिले नजर आए और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने भी इन युवाओं की सफलता को प्रेरणादायक बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस मौके पर कहा कि पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करना आसान नहीं होता। इसके लिए निरंतर कठिन परिश्रम, अनुशासन, धैर्य और मजबूत संकल्प की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि आकाश कुमार पाल और आंचल त्यागी की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।उन्होंने विशेष रूप से आंचल त्यागी की उपलब्धि को नारी सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और अपनी मेहनत के दम पर समाज में नई पहचान बना रही हैं। यह सफलता अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।मंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे इन सफल अभ्यर्थियों से प्रेरणा लें और अपने जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। युवाओं को चाहिए कि वे अपने समय का सही उपयोग करें और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें।इस अवसर पर भाजपा नेता देशबंधु तोमर, मंडल अध्यक्ष नंद किशोर पाल, हरेंद्र पाल, पिंटू त्यागी, बिल्लू पाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।















