पार्टी के बाद भी रखें त्वचा का ख्याल, अपनाएं सही आफ्टर मेकअप स्किन केयर रूटीन.

मेकअप लगाकर पार्टी में चले तो गए लेकिन लौटने पर मारे थकान के त्वचा की सेहत को कर दिया दरकिनार। यानी मेकअप के बाद स्किन केयर से लापरवाही जो त्वचा को सजा देने में पीछे नहीं रहती। एक तो मेकअप ऊपर से धूप, धूल और प्रदूषण यानी त्वचा की सेहत पर बट्टा। ऐसा आपकी त्वचा के साथ न हो इसके लिए जरूरी है आफ्टर मेकअप स्किन केयर रूटीन पर ध्यान देना। इतना ही नहीं अपनी स्किन टाइप के हिसाब से सही आफ्टर मेकअप स्किन केयर चुनना भी उतना ही जरूरी है। ताकि आपकी त्वचा भी सांस ले सके और आपको मिले चमकदार और बेदाग त्वचा।

स्किन रिपेयरिंग के लिए जरूरी है स्किन केयर

त्वचा को मेकअप लगाने पर परेशानी नहीं होती है। लेकिन परेशानी तब होती है जब मेकअप सही से हटाया न जाए और वह लंबे समय तक चेहरे पर बना रह जाए, खास तौर पर रात में सोते समय। हमारी त्वचा मेकअप और उसके साथ ही घूल, धूप, प्रदूषण से हुए नुकसान की भरपाई रात में तेजी से करती है। ऐसे में त्वचा पर रातभर मेकअप रह जाए तो, पोर्स बंद हो जाते हैं और बैक्टीरिया के कारण ब्रेकाउट या ऐक्ने की समस्या संभव है। इसके अलावा स्किन रिपेयरिंग भी नहीं हो पाती है। ऐसा होते रहने से त्वचा बुझी हुई, बेजान, सेंसेटिव और ब्रेकाउट वाली हो जाती है।

स्किन केयर की शुरुआत मेकअप रिमूवल से होती है

मेकअप देर तक चले, उस पर पानी, पसीने का असर न हो इसलिए हम वॉटरप्रूफ मस्कारा, मैट लिपस्टिक, लॉन्ग वियर फाउंडेशन आदि इस्तेमाल करते हैं। इनको हटाने के लिए फेसवॉश और टिशू या तौलिया की तेज रगड़ काम नहीं आने वाला बल्कि धीरे-धीरे मेकअप को ढीला करके हटाना बेहतर होता है। इसके लिए आपको मेकअप रिमूवर या माइसेलर वॉटर का इस्तेमाल करना चाहिए। मेकअप को आहिस्ता से ढीला करके पोंछना चाहिए। इसे रगड़कर हटाने से त्वचा को नुकसान पहुंचता है।

  • ऑयल बेस्ड क्लेंजर या मेकअप रिमूवर बाम का इस्तेमाल करें।
  • नारियल तेल का इस्तेमाल करके भी मेकअप हटाया जा सकता है।
  • क्लेंजर को चेहरे पर लगाकर उंगलियों को गोल घुमाते हुए हटाएं।
  • पूरा मेकअप ढीला पड़ जाने पर वाइप से साफ करें।
  • कॉटन पैड पर ऑयल लगाकर कुछ सेकेंड बंद आंखों पर रखकर धीरे धीरे गोल घुमाएं और फिर बाहर की तरफ वाइप कर दें। इससे ग्लिटर या अन्य आई मेकअप आंखों के भीतर नहीं जाएगा और अच्छी तरह साफ हो जाएगा।

होती है डबल क्लेंजिंग की जरूरत

मेकअप को ऑयल बेस्ड क्लेंजर से साफ करने के बाद ये मत सोच लीजिएगा कि मेकअप पूरी तरह हट गया। इस चरण पर मेकअप के कुछ कण और क्लेंंजर आपकी त्वचा पर बने रहते हैं जो आपको ब्रेकाउट दे सकते हैं। इसे हटाने के लिए वॉटर बेस्ड क्लेंजर का इस्तेमाल करें। आप अपने हायड्रेटिंग फेसवॉश का इस्तेमाल करके डबल क्लेंजिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

टोनिंग को न करें स्किप

इतने सारे प्रोडक्ट लगने के बाद आपकी स्किन का पीएच बैलेंस बिगड़ सकता है। इसे वापस ठीक करने के लिए आपको टोनर का इस्तेमाल करना चाहिए। हर त्वचा पर एक समान टोनर नहीं लगता। इसे त्वचा के प्रकार के हिसाब से लगाएं। टोनिंग में ये तत्व होने चाहिए :

  • हायलोरॉनिक ऐसिड : त्वचा की नमी वापस लाने के लिए
  • ऐलोवेरा : त्वचा का इरीटेशन कम करने के लिए
  • ग्लीसरीन : त्वचा को नमी देने के लिए
  • पैंथेनॉल : त्वचा को मुलायम और आरामदायक महसूस कराने के लिए

टोनर के बाद सीरम से होगा स्किन केयर

  • अगर त्वचा पर ऑयल ज्यादा आता है तो नियासिनेमाइड का इस्तेमाल करें।
  • अगर त्वचा को प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है और त्वचा ऑयली भी है तो ग्रीन टी एक्सस्ट्रैक्ट का इस्तेमाल करें। इसे सीधे चेहरे पर न लगाएं, मॉश्चराइजर में एक बूंद मिलाकर लगाएं।
  • अगर त्वचा में जलन और लालिमा आई है तो सेंटेला एशियाटिका का इस्तेमाल करें।
  • त्वचा में लाइन्स हैं या त्वचा ड्राय है तो पेप्टाइड का इस्तेमाल करें।
  • सेंसटिव त्वचा या बहुत ज्यादा ड्राय स्किन के लिए बीटा ग्लूकॉन का इस्तेमाल करें।
त्वचा की नमी बरकरार रखने के लिए मॉश्चराइजर लगाना न भूलें

स्किन केयर के लिए मॉइश्चराइजिंग है जरूरी

क्लेंजिंग के बाद बारी आती है मॉइश्चराइजिंग की। डबल क्लेंजिंग के बाद फौरन त्वचा पर हाइड्रेटिंग मॉइश्चराइजर लगाएं। ऑयली त्वचा है तब भी आपको जेल वाली मॉइश्चराइजिंग क्रीम की जरूरत पड़ेगी। ताकि त्वचा हाइड्रेट रहे और स्किन बैरियर बना रहे।

-ऑयली स्किन के लिए ऑयल-फ्री और नॉन-कॉमेडोजेनिक मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल करें। ऑयली स्किन के लिए जेल-बेस्ड फॉर्मूले कारगर होते हैं।

– ड्राई स्किन है तो आफ्टर मेकअप स्किन केयर में हाइड्रेटिंग सीरम और थिक मॉइश्चराइजर की जरूरत होती है ताकि स्किन हाइड्रेट रहे।

– कॉम्बिनेशन स्किन है यानी टी जोन ऑयली और बाकि स्किन ड्राई। इनको ऑफ्टर मेकअप स्किन केयर में बैलेंस की जरूरत होती है। टी जोन पर ऑयली स्किन वाले प्रोडक्ट और ड्राय स्किन पर ड्राय स्किन वाले प्रोडक्ट का इस्तेमाल करें।

– अगर आपकी त्वचा सेंसटिव है तो फ्रेगरेंस, एल्कोहल वगैहरा आपकी समस्या को बढ़ा सकते हैं। लिहाजा, ऐसे क्लींजर और मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल करें जिनमें फ्रेगरेंस और एल्कोहल न हो। याद रखें किसी भी नए उत्पाद के प्रयोग करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।

स्किन केयर में ये गलती न करें

मेकअप पोर्स को बंद कर देता है तो स्क्रब कर लेते हैं। अगर हां, तो थोड़ा सम्भल कर। आफ्टर मेकअप स्किन केयर रूटीन में रोज स्क्रब को शामिल करना नुकसान देह हो सकता है। हफ्ते में एक बार हल्के हाथों से एक्सफोलिएशन ही काफी है। जरूरत से ज्यादा स्क्रब आपकी त्वचा को सेंसटिव बना सकता है। इसके अलावा मेकअप लगाकर सोने से त्वचा के पोर्स बंद हो जाते हैं और त्वचा को समस्या होती है। साथ ही रात में एक साथ ढेर सारे एक्टिव स्किन केयर प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से बचें, खासतौर पर मेकअप के बाद। यह आपको फायदे की जगह नुकसान कर सकता है। इसके अलावा मेकअप के बाद ब्रश, स्पंज और तमाम टूल्स को साफ न करना अच्छी आदत नहीं है। गंदे टूल्स में बैक्टीरिया हो सकते हैं जो इंफेक्शन, ब्रेकआउट वगैहरा का कारण बन सकते हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts