आवासीय विद्यालय में 2 छात्रों की संदिग्ध मौत, मचा हड़कंप

बांदा। कोतवाली नगर क्षेत्र के झील का पुरवा स्थित बीएल विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय में रविवार रात एक साथ 2 छात्रों की मौत से हड़कंप मच गया। दोनों छात्र हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। घटना के बाद स्कूल और परिजनों में कोहराम मच गया। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक रविवार रात हॉस्टल में रह रहे नितिन (12) निवासी सरस्वाह और अरुण (9) वर्ष की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उल्टी, चक्कर और पेट दर्द की शिकायत के बाद आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।डॉक्टरों ने जांच के बाद नितिन की हालत गंभीर बताते हुए उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दोनों का इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान दोनों छात्रों ने दम तोड़ दिया। दो छात्रों की मौत की खबर मिलते ही विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ दो बच्चों की मौत से गांव में मातम है।दोनों छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ने और मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।आशंका जताई जा रही है कि खाना-पीना खराब होने या किसी संक्रमण के कारण ऐसा हुआ हो? पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। जांच में जुटी पुलिस टीम स्कूल पहुंची और हॉस्टल, रसोई और पानी की जांच की। फूड सैंपल भी लिए गए हैं। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और हॉस्टल वार्डन से पूछताछ शुरू कर दी है।परिजनों और ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर कार्रवाई हो। साथ ही सभी आवासीय विद्यालयों में खाने-पीने और स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था दुरुस्त की जाए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts