मुजफ्फरनगर जिला कारागार का औचक निरीक्षण.

मुजफ्फरनगर में मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिला कारागार का व्यापक निरीक्षण किया गया, जिसमें जिला जज बीरेन्द्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुरुष और महिला बैरकों के साथ-साथ रसोईघर, चिकित्सालय और कारागार परिसर की समस्त व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। रसोईघर में साफ-सफाई की स्थिति का विशेष रूप से अवलोकन किया गया और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि बंदियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए।

मिशन शक्ति अभियान के तहत अधिकारियों ने महिला कारागार में पहुंचकर महिला बंदियों से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान महिला हेल्पलाइन 1090 और 181 सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई और उन्हें किसी भी समस्या की स्थिति में निडर होकर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने महिला बंदियों को आत्मरक्षा के उपाय, कानूनी अधिकारों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण के दौरान पुरुष और महिला बंदियों से कारागार में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई तथा उनकी समस्याएं सुनी गईं। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बंदियों की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद कारागार कार्यालय और अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रखरखाव और मुलाकाती रजिस्टर की गहन जांच की गई। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कारागार में स्थापित जैमर सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता को भी जांचा गया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त कारागार स्थित चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां दवाइयों की उपलब्धता, ओपीडी व्यवस्था और बंदियों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपचार व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बंदियों को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए।अंत में कारागार अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और कारागार परिसर में साफ-सफाई को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि शातिर बंदियों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री को जेल परिसर में प्रवेश न करने दिया जाए। कारागार में तैनात पुलिस बल को ड्यूटी के प्रति सतर्क, अनुशासित और संवेदनशील बने रहने के निर्देश दिए गए। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts