मुजफ्फरनगर: जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण, मरीजों से सीधे संवाद कर परखी स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत

मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय वर्मा के साथ जिला चिकित्सालय का औचक एवं विस्तृत निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों में पहुंचकर मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत की तथा अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि कहीं मरीजों से उपचार, जांच या दवाइयों के नाम पर अवैध वसूली अथवा सुविधा शुल्क तो नहीं लिया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने हड्डी रोग विशेषज्ञ कक्ष, सामान्य ओपीडी, विभिन्न विभागों की ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, सीटी स्कैन विभाग, अल्ट्रासाउंड विभाग और एक्स-रे विभाग सहित कई महत्वपूर्ण इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं पारदर्शिता और निशुल्क उपलब्ध कराई जाएं। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, मरीजों की सुविधा, जांच व्यवस्था और दवा वितरण की प्रक्रिया को भी बारीकी से परखा गया।

डॉ. सुनील तेवतिया ने स्पष्ट कहा कि जिला चिकित्सालय में भ्रष्टाचार या दलाली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी कर्मचारी, दलाल या अन्य व्यक्ति द्वारा मरीजों से सुविधा दिलाने के नाम पर धन लेने की शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ तत्काल जांच कर कठोर विभागीय और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय स्टाफ को मरीजों के साथ संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कर्मचारियों से कहा गया कि वे पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि मरीजों को बिना किसी परेशानी के गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts