सिरोही में विद्यार्थियों ने ली तंबाकू न सेवन करने की शपथ, बना नया इतिहास

सिरोही जिले में “Tobacco Free Youth Campaign 3.0” के तहत शनिवार को एक ऐतिहासिक पहल की गई, जिसमें जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में एक साथ एक लाख से अधिक विद्यार्थियों ने तंबाकू सेवन न करने की शपथ ली। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू जैसे घातक नशों से दूर रखना, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना और तंबाकू मुक्त समाज की स्थापना करना था। जिले के प्रत्येक विद्यालय में एक ही समय पर आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियाँ और उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर समस्याओं का कारण बनता है। साथ ही उन्हें तंबाकू छोड़ने के सकारात्मक प्रभावों से भी अवगत कराया गया, जैसे बेहतर साँस लेना, ऊर्जा में वृद्धि, मानसिक स्वास्थ्य में सुधार और जीवन प्रत्याशा में वृद्धि। जिले में यह आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और सभी विद्यालयों के शिक्षक-छात्र शामिल हुए। उन्होंने बताया कि सिरोही का यह अभियान युवाओं में जागरूकता लाने का सशक्त माध्यम है, जिससे आने वाली पीढ़ी तंबाकू मुक्त और स्वस्थ बनेगी। इस सामूहिक पहल ने पूरे राजस्थान में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है कि जब युवा वर्ग किसी नेक उद्देश्य के लिए एकजुट होता है, तो समाज में बड़े और सकारात्मक परिवर्तन संभव हो जाते हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts