मुजफ्फरनगर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जडौदा में भव्य छात्र उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निरवाल, एबीवीपी की राष्ट्रीय मंत्री क्षमा शर्मा, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया, विभाग संगठन मंत्री ओजेश गौर, वैभव चौधरी, अर्जुन मलिक, आकाश बालियान, आकाश भारती, प्रियांशी, प्रियांशु व अनंत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।कार्यक्रम में खेल सत्र का शुभारंभ भी डॉ वीरपाल निरवाल ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नियमित खेल व्यक्ति को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के महत्व को समझाया।मुख्य वक्ता राष्ट्रीय मंत्री क्षमा शर्मा ने बताया कि एबीवीपी को 76 वर्ष पूरे हो चुके हैं और यह संगठन आज विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन बन चुका है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि यह राष्ट्रवाद की भावना को विद्यार्थियों में जागृत करने का माध्यम है, जो कॉलेज कैंपस से लेकर समाज के हर क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाता है।कार्यक्रम अध्यक्ष प्रवेन्द्र दहिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एबीवीपी एक संस्कार देने वाला संगठन है, जो युवाओं को राष्ट्रसेवा के पथ पर अग्रसर करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में कार्य करना हर विद्यार्थी का कर्तव्य है और इसी भावना से हमारा राष्ट्र सशक्त बन सकता है।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को सम्मान स्वरूप शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार प्रकट किया गया। कार्यक्रम में विभाग संयोजक आकाश भारती, जिला संयोजक आकाश बालियान, जिला सहसंयोजक वैभव चौधरी, जयदीप गौड़, पवन सिवाच, यश लोहान, रामानंद रावल, अनुराग त्यागी, विवेक सैनी, प्रियांशी अग्रवाल सहित एबीवीपी के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















