राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र स्थित झांकड़ा गांव में 11 वर्षीय बालक मयंक सिंह उर्फ कान्हा की हत्या ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। बालक का शव गुमशुदगी के 24 घंटे बाद गांव की ही एक सूनी हवेली में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने शव मिलने के बाद देर रात तक CBI जांच की मांग को लेकर धरना दिया। सूचना मिलते ही भाजपा प्रत्याशी बन्नाराम मीणा, विधायक मांगेलाल मीणा, पुलिस अधीक्षक संजीव नैन और एएसपी डॉ. प्रियंका रघुवंशी मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों को आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।इसके बाद शव को रैणी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।बालक के पिता लाखन सिंह ने 20 मई को राजगढ़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्यारों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। घटना के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन स्थानीय लोग इसे सुनियोजित हत्या मान रहे हैं। घटना ने पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच CBI से कराई जाए ताकि दोषियों को सख्त सजा मिल सके।















