महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले की पिंपलोद गांव में शनिवार रात हुए दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज़ रफ्तार बोलेरो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े तीन बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में पांच ने दम तोड़ दिया। एक अन्य व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना उस समय हुई जब अंधेरे में एक युवक की बाइक खराब हो गई थी और दो अन्य बाइक सवार उसकी मदद के लिए रुके हुए थे। तभी तेज रफ्तार से आई बोलेरो कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और बोलेरो कार भी पलट गई। हादसे के बाद आसपास के लोग और पीड़ितों के परिजन मौके पर पहुंचे, और पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस ने घटना के बाद कार चालक को हिरासत में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि कार चालक नशे में हो सकता है, ब्रेक फेल हो सकता है, या फिर उसे नींद आ गई होगी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। इस घटना ने दिवाली के दो दिन बाद इलाके में मातम का माहौल पैदा कर दिया है।















