मुजफ्फरनगर में आयुष्मान भारत योजना का विशेष अभियान, पात्र लाभार्थियों को तेजी से बनाए जा रहे आयुष्मान कार्ड

मुजफ्फरनगर में आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को अधिकतम स्वास्थ्य संरक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी मुजफ्फरनगर डॉ. सुनील तेवतिया ने जिले में जागरूकता एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान को तेज गति से संचालित किए जाने के निर्देश जारी किए हैं। सरकार की मंशा है कि स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचे, जिसके लिए जनपद स्तर पर यह अभियान पूरी प्राथमिकता के साथ चलाया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि योजना के अनुसार 2011 के आर्थिक, सामाजिक एवं जातीय (SECC) सर्वेक्षण में चिन्हित परिवार, अंत्योदय राशन कार्ड धारक, भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत चयनित श्रमिक, तथा ऐसे गृहस्थी राशन कार्ड धारक जिनके परिवार में छह या उससे अधिक सदस्य हैं, सभी आयुष्मान कार्ड बनवाने के पात्र हैं। इसके अतिरिक्त 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को योजना के अंतर्गत बिना किसी परेशानी के कार्ड उपलब्ध कराने की सुविधा सुनिश्चित की गई है, जिससे वे निःशुल्क उपचार सेवाओं का लाभ ले सकें।

जनपद के लोगों की सुविधा के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने की व्यवस्था जिला चिकित्सालय, सभी ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों, प्रत्येक पंचायत भवन में तैनात पंचायत सहायकों, और जन सेवा केंद्रों पर की गई है। आयुष्मान मित्र लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया में सहायता प्रदान कर रहे हैं। इच्छुक व्यक्ति ऑनलाइन माध्यम से भी अपना कार्ड बनवा सकते हैं, जिससे प्रक्रिया और अधिक सरल एवं सुलभ हो जाती है।

मुख्य सचिव के निर्देशानुसार 25 नवंबर से 25 दिसंबर 2025 तक पूरे जनपद में आयुष्मान भारत योजना का विशेष पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इस अवधि में छूटे हुए सभी पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उनके आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र परिवार निःशुल्क उपचार की सुविधा से वंचित न रह जाए। जिला प्रशासन ने सभी चिकित्सा इकाइयों को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जनपद में स्वास्थ्य सुरक्षा कवच का लाभ व्यापक रूप से फैल सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिले के सभी पात्र लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर जाकर तुरंत अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएँ। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल एक कार्ड नहीं, बल्कि परिवार को मिलने वाला स्वास्थ्य सुरक्षा कवच है, जो गंभीर बीमारियों के उपचार का भार कम करता है और अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराता है। यदि किसी व्यक्ति को कार्ड बनवाने या योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या आती है, तो वह जिला शिकायत निवारण अधिकारी शौजब जैदी से मोबाइल नंबर 7909900865 पर संपर्क कर सकता है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts