रामपुर पहुंचे सपा का प्रतिनिधिमंडल,

रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर और उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल  रामपुर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में चरथावल विधानसभा से विधायक पंकज मलिक भी शामिल रहे। टीम ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मौजूदा हालात का जायजा लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और छात्रों के प्रतिनिधियों से अलग-अलग मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा के अधिकार, संविधान की मूल भावना तथा गरीब, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित वर्ग के छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाले विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

विधायक पंकज मलिक ने कहा कि समाजवादी पार्टी शुरू से ही शिक्षा और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर स्पष्ट नीति रखती है। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र को शिक्षा से वंचित नहीं किया जाना चाहिए और संविधान में दिए गए समानता तथा अवसर के अधिकारों की रक्षा करना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय अल्पसंख्यक और वंचित वर्ग के छात्रों के लिए शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। ऐसे संस्थानों को मजबूत बनाए रखना समाज और शिक्षा व्यवस्था दोनों के हित में है। टीम ने सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय से जुड़े विवादों का समाधान आपसी संवाद के माध्यम से किया जाए ताकि पढ़ाई और शोध का माहौल प्रभावित न हो।

दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर जमीनी स्थिति की जानकारी ली। समाजवादी पार्टी ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय को सौंपेगा, जिसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts