मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण, सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त और निर्विघ्न संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पुलिस लगातार सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुटी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पूरे जनपद में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने राष्ट्रीय राजमार्ग-58 स्थित गुप्ता रिसोर्ट कट पर पहुंचकर कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, पुलिस पिकेट, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए उन्होंने कहा कि सभी कर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।
कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यातायात डायवर्जन का सख्ती से पालन कराने, भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित करने तथा मार्ग पर यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि, सुरक्षा संबंधी सूचना अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों और कंट्रोल रूम तक पहुंचाने के लिए भी निर्देशित किया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जा सके।
























































