मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने शिव चौक, मीनाक्षी चौक, वहलना कट और गुप्ता रिसोर्ट, मंसूरपुर स्थित कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, पुलिस पिकेट, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था तथा आपातकालीन तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया।
संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न होने पाए और सभी व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से संचालित रहें। पुलिस अधीक्षक नगर ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं विनम्र व्यवहार रखें तथा पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, सुरक्षा संबंधी सूचना या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों और कंट्रोल रूम को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। साथ ही यातायात व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने, आमजन और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने तथा भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का भी अवलोकन कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं तथा पूरी यात्रा के दौरान लगातार निगरानी रखी जाएगी।
























































