गांधी पार्क योग समिति, वरिष्ठ एवं युवा नागरिक विकास संस्थान और विश्व पर्यावरण संरक्षण मिशन के तत्वावधान में नव संवत्सर पर सिरोही के गांधी पार्क से सफाई अभियान चलाया गया। वरिष्ठ समाजसेवी जय विक्रम हरण और योगाचार्य भीक सिंह भाटी ने स्वच्छता को राष्ट्रीय विकास की पहली आवश्यकता बताया। कार्यक्रम में दर्जनों योगियों, वरिष्ठ नागरिकों और समर्पित मातृशक्ति ने श्रमदान कर बाग को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया।
इस अवसर पर विश्व पर्यावरण संरक्षण मिशन के प्रदेश कार्यक्रम प्रमुख समाजसेवी शिक्षक गोपाल सिंह राव का सम्मान किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ नागरिकों की भी जिम्मेदारी है कि वे सार्वजनिक स्थानों, मंदिरों और बावड़ियों की सफाई में योगदान दें। उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने हर माह सफाई अभियान चलाकर सिरोही को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लिया।















