मुजफ्फरनगर में ह्यूमनिटी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा समाजसेवी स्वर्गीय बाबू सोमांश प्रकाश की स्मृति में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन निगार ने किया और मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व नगर पालिका चेयरमैन पंकज अग्रवाल और अधिवक्ता मनेश गुप्ता उपस्थित रहे। संस्था के सचिव एम. शाहवेज ने कार्यक्रम का परिचय देते हुए अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य वक्ताओं ने बाबू सोमांश प्रकाश के समाज में किए गए योगदानों को याद करते हुए उन्हें सच्चा जनसेवक बताया।समारोह में सोमांश प्रकाश स्मृति पुरस्कार के अंतर्गत समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। आचार्य होतीलाल शर्मा को समाज सेवा, शालू सैनी को लावारिस शवों के अंतिम संस्कार, जीनत चौधरी को महिला सशक्तिकरण, भारत सिंघल और सैयद मोहम्मद अनस को गरीब बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, मोहम्मद शहजाद को उर्दू भाषा के उत्थान, आशु राणा को पशु कल्याण तथा उस्मान मेहंदी को महिला अधिकार और बालिका शिक्षा में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।संस्था अध्यक्ष डॉ. नजमुल हसन जैदी ने अनुशा, इनाम इलाही की पुत्री, को एक वर्ष की छात्रवृत्ति देने की घोषणा की। साथ ही जानसठ ब्लॉक के खुजेड़ा गांव निवासी 90% दिव्यांग आरिफ को बैटरी से चलने वाली ट्राइसाइकिल भेंट की गई, जिसके लिए वह दो वर्षों से प्रयासरत था।इस अवसर पर यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र–छात्राओं को भी ‘सोमांश प्रकाश मेधावी पुरस्कार‘ से नवाजा गया। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज (जडोदा), एमडीएस विद्या मंदिर इंटर कॉलेज (मंसूरपुर) और यूनिक इंटर कॉलेज (खामपुर) के विद्यार्थियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। वहीं, नवाब अजमत गर्ल्स इंटर कॉलेज, चिल्ड्रन हैप्पी होम इंटर कॉलेज, मौलाना मोहम्मद अली जोहार हाई स्कूल, गॉड्स ग्रेस इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज और जेनबिया गर्ल्स इंटर कॉलेज के प्रतिभाशाली छात्रों को स्कूल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हेतु पुरस्कार दिए गए।कार्यक्रम में अहमदाबाद विमान हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि स्वरूप फैजूर रहमान के नेतृत्व में दो मिनट का मौन रखा गया। समारोह को सफल बनाने में साबरा शेख, नुसरत कमल, मोहम्मद फैसल सैफी और फरीद का विशेष योगदान रहा। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए जन सहयोग की अपील की।















