शाहपुर के गांव सोरम में शहीद भगत सिंह सेवा समिति के तत्वावधान में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 34 रक्तवीरों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज सेवा की मिसाल पेश की। शिविर का शुभारंभ भाकियू ग्राम अध्यक्ष विकास बालियान ने फीता काटकर किया। उन्होंने रक्तदान की महत्ता बताते हुए कहा कि यह एक महान दान है जिससे कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। जिला अस्पताल की टीम, जिसमें डॉ. अशरफ हुसैन, राहुल राणा, शमशेर सिंह, कंवरपाल और रेखा शामिल थे, ने रक्तदान को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया। रक्तदान करने वाले सभी व्यक्तियों को आयोजन समिति की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका मनोबल और उत्साह बढ़ा। समिति के प्रमुख सदस्यों प्रमोद कुमार, देशवीर सिंह, जसपाल सिंह, सीटू, रविन्द्र कुमार, भरतवीर और विपिन बालियान ने इस कार्य में विशेष सहयोग दिया। ग्रामीणों ने इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की और समिति ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।















