मुजफ्फरनगर के एस.एफ.डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने इस वर्ष परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। स्कूल का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा, जिससे छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का वातावरण देखने को मिला। इस वर्ष सारा राहत ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया और अपनी मेहनत व लगन से सभी को गौरवान्वित किया। वहीं अन्तरा गुप्ता ने 94.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि ग्रेसी ने 90 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। तीनों छात्राओं की सफलता पर विद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम पंवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देना है। टॉपर्स की उपलब्धि से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित होंगे।
प्रधानाचार्य ने आगे कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और समर्पण के साथ पढ़ाई कराई जाती है, जिसके कारण हर वर्ष विद्यार्थियों का परिणाम बेहतर आता है। उन्होंने सभी शिक्षकों की भी सराहना की, जिनके मार्गदर्शन और निरंतर प्रयासों से विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी इसी तरह मेहनत कर अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन करते रहेंगे।















