ब्रिटेन में साल का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया. पश्चिमी लंदन में तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस (100.6 डिग्री फारेनहाइट) तक पहुंच गया. राष्ट्रीय मौसम सेवा ने यह जानकारी दी. मौसम विभाग ने बताया कि तापमान इस साल 28 जून को दर्ज किए गए पिछले सबसे ज़्यादा तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर चला गया. हालांकि यह 2003 के सबसे ज्यादा तापमान अगस्त महीने के 38.5 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड से नीचे ही रहा. दरअसल, फ्रांस की तरह ब्रिटेन में भी इस साल पांचवीं बार उष्णलहर चल रही है.
फ्रांस में जहां 17 दिनों तक भीषण गर्मी पड़ी है, जो अब तक की सबसे लंबी अवधि में से एक है. यहां के बोर्डो शहर में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और नैनटेस में 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि पेरिस में भी 37 डिग्री सेल्सियस और मोंटपेलियर में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. इसके अलावा स्पेन में मिरांडा डी एब्रो में अधिकतम 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिससे ब्रिटेन और फ्रांस दोनों देशों में जंगल की आग लगने की आशंकाएं फिर से बढ़ गईं हैं.
स्कॉटलैंड में जंगल में आग लगने का खतरा
गर्मी की वजह से पूर्वी और दक्षिणी स्कॉटलैंड के कुछ हिस्सों में जंगल में आग का अधिक खतरा होने की चेतावनी जारी की गई है. जुलाई में रिकॉर्ड तोड़ सूखे और अगस्त की शुरुआत में भी सूखे के चलते इंग्लैंड का लगभग तीन-चौथाई हिस्सा और पूरा वेल्स सूखे की चपेट में है, जिससे घरों, कृषि और पर्यावरण के लिए जल संसाधनों पर भारी दबाव पड़ रहा है.यूरोप की डेन्यूब नदी में भी पानी का स्तर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है, जिससे थर्मल पावर प्लांट्स को कूलिंग वॉटर की कमी हो गई है और कूलिंग के लिए बिजली की बढ़ती मांग के चलते कुछ प्लांट्स को उत्पादन कम करना पड़ा है.
ब्रिटेन के इन इलाकों में खराब मौसम की चेतावनी
वहीं, गुरुवार को पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड, जिसमें लंदन, मिडलैंड्स, उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड, दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड और यॉर्कशायर और हंबर के कुछ हिस्से शामिल हैं, वहां खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई. इंग्लैंड भर में स्वास्थ्य और सामाजिक देखभाल सेवाओं पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ने की चेतावनी देते हुए भयंकर गर्मी का अलर्ट शुक्रवार रात 9 बजे तक लागू रहेगा.























































