रैनवो होटल में जुए का अड्डा पकड़ा, सात अभियुक्त गिरफ्तार

औरैया पुलिस को अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली थाना क्षेत्र के देवकली रोड स्थित रैनवो होटल की दूसरी मंजिल पर छापा मारते हुए पुलिस ने सात लोगों को जुआ खेलते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस द्वारा की गई।

प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, उप निरीक्षक विनोद कुमार, महिला पुलिसकर्मी सोनी रावत और उनकी टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में कुल 86,520 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, 6 एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 1 कीपैड मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल के कमरे नंबर 3 में भारी रकम पर ताश का जुआ चल रहा है, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों में कुलदीप, शानू और रजत पांडेय (औरैया निवासी) तथा राहुल, धर्मेंद्र शाक्य, मनीष सिंह और पंकज शाक्य (जनपद भिंड, मध्यप्रदेश निवासी) शामिल हैं। सभी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त शानू पुत्र रहीश खान पर पहले से गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम और मारपीट जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसके आपराधिक इतिहास की पुष्टि होती है। पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की तलाश भी कर रही है और साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया जारी है।

इसी क्रम में औरैया पुलिस द्वारा एक अन्य अभियान के तहत विभिन्न थानों से कुल दस अभियुक्तों को BNSS की धारा 170/126/135 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कड़ी कार्रवाई लगातार जारी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts