मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान पुरकाजी बिजलीघर स्थित शिव मंदिर परिसर में शिव कांवड़ सेवा संघ (टटीरी वालों) द्वारा आयोजित 30वें विशाल भंडारे का शुभारंभ पुरकाजी चेयरमैन ज़हीर फारूकी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और भंडारा समिति के सदस्य मौजूद रहे। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों शिवभक्त इस भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। भंडारे का आयोजन संतनगर बुराड़ी, दिल्ली की टीम द्वारा किया जा रहा है, जिसमें दिल्ली और बागपत के व्यापारी स्वयं उपस्थित रहकर कांवड़ियों की सेवा में जुटे हैं।
आयोजकों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से यह भंडारा लगातार संचालित किया जा रहा है और इसकी व्यवस्था को सफल बनाने में चेयरमैन ज़हीर फारूकी का महत्वपूर्ण सहयोग मिलता रहा है। इसी सम्मान और सहयोग की भावना के चलते इस वर्ष भी उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया और उनके हाथों भंडारे का उद्घाटन कराया गया। भंडारा समिति ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और सभी लोग पूरी श्रद्धा व समर्पण के साथ इस सेवा में भाग लेते हैं।
उद्घाटन के बाद ज़हीर फारूकी ने भंडारे का निरीक्षण किया और सेवा कार्य में लगे स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से पुरकाजी पहुंचकर शिवभक्तों की निस्वार्थ सेवा करना अत्यंत सराहनीय कार्य है। यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सेवा भावना का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पुरकाजी की पहचान को मजबूत करते हैं और समाज में परोपकार की भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कांवड़ यात्रा के सुरक्षित और शांतिपूर्ण संचालन की कामना की।























































