प्रथम सोमवार पर कांवड़ मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था परखा

मुजफ्फरनगर। सावन के प्रथम सोमवार पर कांवड़ यात्रा और शिवभक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने शिव चौक और मीनाक्षी चौक क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, ड्यूटी प्वाइंट, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अमृत जैन ने कहा कि प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिस बल लगातार भ्रमणशील रहे और संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए रखे। उन्होंने निर्देशित किया कि कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर बिना विलंब प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आने देने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, कंट्रोल रूम एवं उच्चाधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखने और प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि की नियमित सूचना साझा करने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है, ताकि सभी श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts