मुजफ्फरनगर। जनपद के वन स्टॉप सेंटर और राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण का निरीक्षण अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री गजेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट श्री पंकज प्रकाश राठौड़ और पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इंदू सिद्धार्थ द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वन स्टॉप सेंटर मुजफ्फरनगर पर सोशल साइको काउंसलर श्रीमती संगीता विश्वकर्मा, कार्यालय सहायक कु. रजनी भास्कर, महिला आरक्षी शशी और पूजा, मल्टीपरपज हेल्पर अमित कुमार मौजूद रहे। वहीं, राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण में प्रबंधक श्रीमती रितु चौधरी, स्टाफ नर्स श्रीमती मेघा, महिला आरक्षी शशी और पूजा, मल्टीपरपज स्टाफ हिमांशी और दीपा उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दोनों संस्थानों में संचालित कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड व्यवस्था और लाभार्थियों को दी जाने वाली सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने यह भी देखा कि महिलाओं और बच्चों के हितों से संबंधित मामलों में केंद्र कितनी सक्रियता से कार्य कर रहा है।
अधिकारियों ने केंद्र पर मौजूद स्टाफ की तत्परता और साफ-सफाई की व्यवस्था की सराहना की। परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और सुव्यवस्थित कार्यशैली को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि लाभार्थियों की सहायता में तत्परता बनाए रखें और शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। कुल मिलाकर निरीक्षण में दोनों केंद्रों की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
















