मुजफ्फरनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। विभाग की टीम ने कांवड़ मार्ग पर स्थित विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान न केवल साफ-सफाई और हाइजीन मानकों की जांच की गई, बल्कि फूड सेफ्टी कनेक्ट मोबाइल ऐप के उपयोग को बढ़ावा देते हुए प्रतिष्ठानों को इस पर पंजीकरण कराने का निर्देश भी दिया गया। साथ ही, सभी प्रतिष्ठानों को रेट लिस्ट सार्वजनिक स्थान पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए ताकि ग्राहकों को सही जानकारी मिल सके।निरीक्षण के दौरान टीम ने खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया कि वे भोजन बनाने और परोसने की जगहों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। खाने-पीने की चीजों में मिलावट रोकने के लिए फूड टेस्टिंग वैन की सहायता से मौके पर ही कुछ खाद्य पदार्थों की जांच की गई। विभाग की टीम ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस अभियान के अंतर्गत कुछ प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी एकत्र किए गए। हरीपुरम कुकड़ा क्षेत्र में स्थित गोपाल जी स्वीट्स से चार नमूने लिए गए, जिनमें खोया, लाल मिर्च पाउडर, बर्फी और घेवर शामिल हैं। मिठाई और मसालों की शुद्धता को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, क्योंकि ये सावन के दौरान भारी मात्रा में खपत में आते हैं। वहीं, राम प्रोविजन स्टोर से मैदा और आटे के दो नमूने संग्रह किए गए। इन दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल छह नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी प्रकार की मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो संबंधित दुकानदारों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।















