रूस का मिलिट्री विमान क्रीमिया में क्रैश, छह क्रू मेंबर समेत 29 की मौत

रूस का मिलिट्री ट्रांसपोर्ट का विमान क्रैश होने से 29 लोगों की मौत हो गई है। रूसी समाचार एजेंसी TASS ने बुधवार को रूस के रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर उड़ान भरते समय रूसी एंटोनोव-26 मिलिट्री विमान क्रैश हुआ है।रक्षा मंत्रालय के मुताबिक 31 मार्च की शाम 6 बजे An-26 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट विमान से संपर्क टूटा, जब वह क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर एक निर्धारित उड़ान पर था।रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि हादसे की आंशका के बाद खोज और बचाव दल काम में जुटा और An-26 विमान के दुर्घटनास्थल का पता लगाया। घटनास्थल से मिली रिपोर्टों के अनुसार, विमान में सवार चालक दल के छह सदस्यों और 23 यात्रियों की मौत हो गई है। फिलहाल राहत और बचाव का काम जारी है।

चट्टान से टकराया विमान!

शुरुआती रिपोर्ट में दावा किया गया है कि An-26 सैन्य परिवहन विमान एक चट्टान से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। दुर्घटना क्रीमिया में हुई है। क्रीमिया एक प्रायद्वीप है. जो काला सागर में फैला हुआ है। इसे रूस ने 2014 में यूक्रेन से अपने अधिकार में ले लिया था। इसी क्षेत्र में यह भीषण हादसा हुआ है।

विमान हादसे के पीछे तकनीकी खराबी को संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि आधिकारिक तौर पर यह नहीं कहा गया है। दुर्घटना किसी तकनीकी खराबी के कारण हुई या इसके पीछे कोई और कारण है। इसके लिए जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि शुरुआती जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर अब तक किसी हमले के संकेत नहीं मिले हैं।

यूक्रेनी हमले का शक नहीं

रूसी विमान पर यूक्रेन की ओर से हमले के अंदेशे पर रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि प्लेन पर किसी बाहरी प्रभाव के कोई संकेत नहीं मिले हैं। इससे साफ है कि विमान को यूक्रेन ने हिट नहीं किया है। ऐसा लगता है कि विमान एक पहाड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। An-26 एक दो-इंजन वाला टर्बोप्रॉप विमान है, जो 40 सैनिकों तक को ले जाने में सक्षम है। इसे पैराट्रूपर्स को तैनात करने तथा घायल लोगों को निकालने के लिए डिजाइन किया गया है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts