मुजफ्फरनगर में 12 अक्टूबर को होने वाली यूपीपीएससी परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

मुजफ्फरनगर में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा.) परीक्षा-2025 तथा सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा.) परीक्षा-2025 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गई। यह परीक्षा 12 अक्टूबर 2025 (रविवार) को दो सत्रों में आयोजित की जाएगी — पहला सत्र पूर्वाह्न 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा सत्र अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक। बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह और लोक सेवा आयोग के प्रतिनिधि अनिल यादव समन्वयक पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहेगी, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पूर्व अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण अवश्य करें। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, शौचालय, बिजली, पेयजल और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट के गोपनीय बंडलों को ट्रेजरी से निर्धारित समय पर डबल लॉक प्रणाली के तहत प्राप्त किया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था के बीच केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा। इन बंडलों की वीडियोग्राफी के बाद ही इन्हें कक्ष निरीक्षकों को सौंपा जाएगा। पूरी प्रक्रिया के दौरान गोपनीयता और पारदर्शिता का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा की सुचिता भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और किसी भी प्रकार के संचार उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा ड्यूटी पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी ही परीक्षा केंद्रों में मौजूद रहेंगे, किसी भी अतिरिक्त व्यक्ति की उपस्थिति वर्जित होगी।

अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 10,368 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा और निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा से पूर्व सभी संबंधित अधिकारियों की प्रशिक्षण बैठक राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के सभागार में आयोजित की जाएगी, जिसमें मास्टर ट्रेनर और समन्वयी पर्यवेक्षक परीक्षा की पूरी प्रक्रिया से सभी को सविस्तार अवगत कराएंगे।

बैठक में समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, प्रधानाचार्य आईटीआई, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, कार्यदायी संस्था एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी को परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखते हुए परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts