मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के राजनैतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रभारी मंत्री का स्वागत किया, जबकि मुख्य विकास अधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की प्रगति से अवगत कराया।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने जल निगम को निर्देश दिए कि जनपद में संचालित जलापूर्ति परियोजनाओं की अद्यतन सूची सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए तथा पाइपलाइन कार्यों के बाद सड़कों को खुला न छोड़ा जाए। उन्होंने नगर निकायों को बरसात से पहले सभी नालों और नालियों की व्यापक सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि जलभराव की समस्या न हो। शहर के प्रमुख चौराहों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि दोबारा अतिक्रमण न होने पाए और सभी रेहड़ी-पटरी संचालकों के पहचान पत्र बनाए जाएं तथा उन्हें वेंडिंग जोन में स्थानांतरित किया जाए।विकास प्राधिकरण को अवैध कॉलोनियों पर सख्त निगरानी रखने और ध्वस्तीकरण के बाद दोबारा निर्माण होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग को यूरिया की अनियमित आपूर्ति की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा गया, जबकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को गांवों में बढ़ रही बीमारियों की पहचान कर विशेष जांच अभियान चलाने तथा लोक निर्माण विभाग को सभी सड़कों को गड्ढामुक्त रखने के निर्देश दिए गए।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने कॉलेजों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने और अवैध रूप से सड़कों पर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 से 21 जून तक चलाए जाने वाले विकास, सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण अभियान की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। इस दौरान वृक्षारोपण, जनसंपर्क अभियान, जनकल्याण मेले, आरोग्य मेले, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, प्रदर्शनियां तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को इन कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, विधायक राजपाल बालियान, एमएलसी वंदना वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।























































