मुजफ्फरनगर महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शासन स्तर पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक अनोखी पहल की। इस अभियान का मकसद न केवल महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करना है, बल्कि परिवारों में उत्पन्न छोटे-छोटे विवादों का समाधान भी करना है, ताकि समाज में शांति और सौहार्द्र का वातावरण कायम रहे। इसी कड़ी में मुजफ्फरनगर के रिजर्व महिला थाना परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पारिवारिक विवादों से जूझ रहे विवाहित दंपतियों को परामर्श सत्र में बुलाया गया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और उनकी धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। पुलिस अधीक्षक अपराध और मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी इन्दु सिद्धार्थ के नेतृत्व में महिला थाना की टीम ने इस कार्यक्रम में विशेष भूमिका निभाई। महिला थाना पुलिस टीम ने धैर्यपूर्वक दंपतियों की समस्याओं को सुना और उनके बीच उत्पन्न विवादों की गहराई से चर्चा की। इसके बाद परामर्श और काउंसलिंग के माध्यम से आपसी विश्वास और समझ बढ़ाने का प्रयास किया गया।
लगातार संवाद, सकारात्मक मार्गदर्शन और धैर्यपूर्ण काउंसलिंग के परिणामस्वरूप 40 दंपतियों के बीच सौहार्द्रपूर्ण समझौता कराया गया। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में उपस्थित 21 दंपतियों ने आपसी रिश्तों को मजबूत करने और गृहस्थ जीवन को शांतिपूर्वक आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इन दंपतियों ने एक-दूसरे को गुलाब का फूल भेंट कर न केवल आपसी विश्वास जताया, बल्कि वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत का संकल्प भी किया।
इस पहल से यह स्पष्ट संदेश गया कि अक्सर परिवारों में होने वाली छोटी-छोटी गलतफहमियां संवाद और परामर्श से आसानी से सुलझाई जा सकती हैं। यदि समस्याओं पर धैर्यपूर्वक चर्चा की जाए और दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर मिले, तो विवाद का समाधान सरलता से निकल सकता है। ऐसे प्रयास न केवल परिवारिक बंधन को मजबूत बनाते हैं, बल्कि समाज में सौहार्द्र और शांति स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने दंपतियों को उनके अग्रिम जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं और शांतिपूर्ण व खुशहाल गृहस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिला थाना की पूरी टीम को इस सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित भी किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि इस प्रकार के प्रयासों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और परिवारों के बीच बढ़ते तनाव को समय रहते कम किया जा सकता है।
मुजफ्फरनगर पुलिस का यह कदम साबित करता है कि कानून व्यवस्था के साथ-साथ समाज में शांति और पारिवारिक सौहार्द्र कायम करना भी पुलिस की जिम्मेदारी का हिस्सा है। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ-साथ परिवारों को टूटने से बचाने की दिशा में एक बड़ी पहल साबित हुआ।
















