रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए लखनऊ में ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल उत्पादन यूनिट का किया. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई नेता मौजूद रहे. रक्षा मंत्री ने कहा कि आप जानते हैं कि मैं क्यों नहीं आ सका. हम जिस स्थिति का सामना कर रहे हैं, उसे देखते हुए मेरे लिए दिल्ली में रहना महत्वपूर्ण था. इसलिए, मैं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आपसे जुड़ रहा हूं. इस मौके पर उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस सिर्फ एक मिसाइल नहीं है, बल्कि यह भारत की सैन्य क्षमता, आत्मनिर्भरता और हमारे विरोधियों के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि हम हर मोर्चे पर तैयार हैं.रक्षा मंत्री ने कहा कि जिन भारत विरोधी और आतंकी संगठनों ने भारत माता के मस्तक पर हमला करके कई परिवारों के सिंदूर मिटाए थे, उन्हें भारतीय सेना ने आपरेशन सिंदूर के माध्यम से इंसाफ दिलाने का काम किया है. इसके लिए आज सारा देश भारतीय सेनाओं का अभिनंदन कर रहा है.भारतीय सेना ने शौर्य और पराक्रम के साथ-साथ संयम का भी परिचय देते हुए पाकिस्तान के अनेक सैन्य ठिकानों पर प्रहार करके करारा जवाब दिया है. हमने केवल सीमा से सटे सैन्य ठिकानों पर ही नहीं कार्रवाई की बल्कि भारत की सेनाओं की धमक उस रावलपिंडी तक सुनी गई जहां पाकिस्तानी फौज का हेडक्वार्टर मौजूद है.















