JEE Main 2026 (जेईई मेन)के जरिए इंजीनियरिंग में एडमिशन लेने का सपना देख रहे लाखों स्टूडेंट्स के सामने सबसे बड़ी चुनौती सही कॉलेज चुनने की होती है. अच्छे कॉलेज का चयन न केवल पढ़ाई की क्वालिटी तय करता है, बल्कि भविष्य के करियर और प्लेसमेंट पर भी गहरा असर डालता है. उत्तर प्रदेश में कई ऐसे सरकारी इंजीनियरिंग संस्थान मौजूद हैं, जहां कम फीस में बेहतर शिक्षा, अच्छी फैकल्टी, आधुनिक लैब, इंडस्ट्री एक्सपोजर और प्लेसमेंट के अवसर मिलते है.ऐसे में स्टूडेंट्स के लिए इन टॉप कॉलेजों के बारे में सही जानकारी होना बेहद जरूरी है. आइये जानते हैं यूपी के प्रमुख सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज के बारे में,
Aligarh Muslim University (ZHCET)
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का जाकिर हुसैन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी देश के पुराने और प्रतिष्ठित संस्थानों में गिना जाता है. यहां बीटेक, एमटेक और रिसर्च प्रोग्राम उपलब्ध हैं. अनुभवी शिक्षकों, विशाल लाइब्रेरी और मजबूत एलुमनाई नेटवर्क के कारण यह कॉलेज छात्रों को मजबूत अकादमिक आधार देता है.
Rajiv Gandhi Institute of Petroleum Technology
यह संस्थान खासतौर पर पेट्रोलियम और ऊर्जा क्षेत्र की पढ़ाई के लिए जाना जाता है. यहां इंडस्ट्री-ओरिएंटेड कोर्स, आधुनिक लैब और रिसर्च सुविधाएं उपलब्ध हैं. बीटेक से लेकर पीएचडी तक के कोर्स छात्रों को विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर देते हैं.
Harcourt Butler Technical University
कानपुर स्थित एचबीटीयू एक विश्वसनीय और पुराना तकनीकी विश्वविद्यालय है. यहां इंजीनियरिंग के साथ आईटी और मैनेजमेंट कोर्स भी पढ़ाए जाते हैं. इसका प्लेसमेंट रिकॉर्ड मजबूत है और पढ़ाई का माहौल काफी प्रतिस्पर्धी माना जाता है.
Institute of Engineering and Technology Lucknow
आईईटी लखनऊ राज्य के प्रमुख सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में शामिल है. यहां बीटेक की विभिन्न शाखाओं में एडमिशन जेईई मेन के आधार पर होता है. कॉलेज में टेक्निकल इवेंट्स, प्रोजेक्ट्स और कैंपस गतिविधियां छात्रों को व्यावहारिक अनुभव देती हैं.
Madan Mohan Malaviya University of Technology
गोरखपुर स्थित यह विश्वविद्यालय इंजीनियरिंग के साथ रिसर्च प्रोग्राम भी संचालित करता है. इसका बड़ा रेजिडेंशियल कैंपस और सुव्यवस्थित ढांचा छात्रों को पढ़ाई के लिए अच्छा माहौल प्रदान करता है.
Kamla Nehru Institute of Technology
केएनआईटी सुल्तानपुर सीमित सीटों वाला लेकिन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने वाला संस्थान है. यहां अनुशासन, बेहतर लैब सुविधाएं और कम फीस इसे खास बनाती हैं. क्षेत्रीय छात्रों के लिए यह एक अच्छा विकल्प माना जाता है.
अगर आप JEE Main के माध्यम से उत्तर प्रदेश में इंजीनियरिंग करना चाहते हैं, तो ऊपर बताए गए सरकारी कॉलेज बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं. सही जानकारी और अपनी रुचि के अनुसार कॉलेज चुनकर आप अपने करियर की मजबूत नींव रख सकते हैं.














