बाबू शोभाराम कॉलेज में छात्रा से मारपीट और छेड़छाड़ के बाद विरोध, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

अलवर शहर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र स्थित बाबू शोभाराम कॉलेज में दो दिन पहले एक छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ और मारपीट की घटना ने कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज गेट के बाहर एकत्रित हुए और धरने पर बैठकर कॉलेज प्रशासन व स्थानीय प्रशासन के प्रति नाराज़गी जताई। छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और छात्रों को शांत करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आरोपी छात्रों के खिलाफ निष्पक्ष और कड़ी कार्यवाही की जाएगी। पुलिस की इस बात पर छात्रों ने जाम खोल दिया और अपना धरना समाप्त कर दिया। छात्र मोहित चौधरी ने बताया कि वे न्याय और सुरक्षा की मांग को लेकर शांतिपूर्ण विरोध पर बैठे थे, और पुलिस के आश्वासन के बाद धरना खत्म करने का निर्णय लिया गया।

घटना के बाद कॉलेज प्रिंसिपल अशोक आर्य की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। जब मीडिया ने उनसे इस गंभीर मामले पर प्रतिक्रिया मांगी, तो उन्होंने यह कहते हुए बात टालने की कोशिश की कि यह “छात्रों का मामला है, मैं कोई जानकारी नहीं दूंगा।” उनका यह बयान छात्रों और अभिभावकों में नाराज़गी का कारण बन गया है, क्योंकि इससे कॉलेज प्रशासन की संवेदनहीनता साफ झलकती है।

इस घटना ने एक बार फिर कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया है। सवाल यह है कि कैंपस में छात्रों की सुरक्षा आखिर किसकी जिम्मेदारी है और कब तक छात्र असुरक्षित माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर रहेंगे। घटना ने प्रबंधन की जवाबदेही और सुरक्षा तंत्र पर बड़ा सवालचिह्न खड़ा कर दिया है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts