सहारनपुर। कांवड़ यात्रा-2025 को ऐतिहासिक, भक्तिमय और पूर्ण रूप से सुरक्षित बनाने के संकल्प के साथ सहारनपुर प्रशासन पूरे समर्पण और मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार को एक अलौकिक दृश्य देखने को मिला, जब मंडलायुक्त अटल कुमार राय और डीआईजी अभिषेक सिंह ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धा और सेवा का अद्वितीय संगम प्रस्तुत किया।
हेलीकॉप्टर ने पुलिस लाइन से उड़ान भरकर अंबेडकर चौक, देहरादून चौक, घंटाघर, कुतुबशेर चौक, कल्पना तिराहा, नकुड़ तिराहा और सरसावा बाईपास होते हुए श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की। इस अनुपम दृश्य ने जनमानस को भक्ति रस में डुबो दिया और संपूर्ण जनपद “हर हर महादेव” के घोष से गूंज उठा।
कमिश्नर अटल कुमार राय ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिवालयों में स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि जलाभिषेक के दौरान किसी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि हमारी सांस्कृतिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान जिलाधिकारी मनीष बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी द्वारा यात्रा मार्गों और शिविरों के सतत निरीक्षण की सराहना की गई, जिससे श्रद्धालुओं को हर स्थान पर सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हुआ।
इस भव्य आयोजन के साक्षी बने एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, एसपी ट्रैफिक सिद्धार्थ वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, एसडीएम सदर सुबोध कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी। श्रद्धालुओं और स्वयंसेवकों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि इस वर्ष की कांवड़ यात्रा भक्ति, प्रशासनिक दक्षता और सांस्कृतिक समन्वय का अद्वितीय उदाहरण बन गई है।















