बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा आज एक ग्लोबल स्टार के रूप में पहचान बना चुकी हैं। हिंदी सिनेमा से लेकर हॉलीवुड तक अपनी दमदार एक्टिंग और प्रभावशाली व्यक्तित्व के दम पर उन्होंने अलग मुकाम हासिल किया है। लंबे समय से बॉलीवुड फिल्मों से दूर रहीं प्रियंका अब निर्देशक एस.एस. राजामौली की मेगा बजट फिल्म ‘वाराणसी’ से भारतीय सिनेमा में वापसी करने जा रही हैं। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म में वह साउथ के सुपरस्टार महेश बाबू के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी, जिससे फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है।
फिल्म में मशहूर अभिनेता पृथ्विराज सुकुमारन खलनायक की भूमिका में दिखाई देंगे। जानकारी के अनुसार यह फिल्म अगले साल 7 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। करीब 1300 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। ‘वाराणसी’ की कहानी टाइम ट्रैवल और एडवेंचर जर्नी पर आधारित है, जो दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है।
हाल ही में प्रियंका अपनी हॉलीवुड फिल्म ‘द ब्लफ’ के प्रमोशन के दौरान एक इवेंट में शामिल हुईं, जहां उन्होंने ‘वाराणसी’ को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनके करियर का एक लाइफ चेंजिंग मौका है। राजामौली के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए प्रियंका ने उन्हें भारत के बेहतरीन फिल्ममेकरों में से एक बताया। उनका कहना था कि उनके साथ काम करना किसी सपने के सच होने जैसा है।
फिल्म में महेश बाबू का किरदार ‘रूद्र’ नाम का होगा, जबकि प्रियंका ‘मंदाकिनी’ की भूमिका निभाएंगी। पृथ्विराज सुकुमारन ‘कुंभ’ नाम के खतरनाक विलेन के रूप में नजर आएंगे। दमदार स्टारकास्ट, भव्य विजुअल्स और अनोखी कहानी के चलते ‘वाराणसी’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर किस तरह का इतिहास रचती है।















