कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियां पूरी, प्रभारी मंत्री सोमेंद्र तोमर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मुजफ्फरनगर। विकास भवन सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर की अध्यक्षता में कांवड़ यात्रा-2026, जिला प्रशासन समन्वय समिति कोर कमेटी तथा विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पर्यवेक्षक, सुपर जोनल, जोनल, सब जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है तथा सभी विभागों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और निगरानी व्यवस्था की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कांवड़ मार्गों पर 24 घंटे सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी, रूट डायवर्जन योजना का प्रभावी संचालन, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को सभी कांवड़ मार्गों को गड्ढामुक्त रखने, अवैध कट बंद कराने तथा हाईमास्ट लाइट और सीसीटीवी सुचारू रखने के आदेश दिए गए। नगर पालिका, पंचायती राज विभाग और जिला पंचायत को मार्गों की नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई, मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, जीवनरक्षक दवाएं और ओआरएस उपलब्ध रखने के लिए कहा गया, जबकि विद्युत विभाग को शिविरों में सुरक्षित बिजली आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश मिले। बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने कांवड़ मार्ग, सेवा शिविरों, चिकित्सा शिविरों और शिव चौक स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया तथा कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। बैठक में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, प्रशासक जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप सहित प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts