मुजफ्फरनगर में जनगणना-2027 की तैयारी तेज,

मुजफ्फरनगर में आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत भोपा रोड स्थित एसडी पब्लिक स्कूल में फील्ड ट्रेनरों के द्वितीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।प्रशिक्षण के प्रथम दिन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम का निरीक्षण किया और इसकी प्रगति का जायजा लिया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनपद में जनगणना कार्य को सुचारू, व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण में जनपद के नामित फील्ड ट्रेनरों को जनगणना से जुड़े 33 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मास्टर ट्रेनरों द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित प्रतिभागियों को जनगणना के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय स्तर का व्यापक और महत्वपूर्ण अभियान है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, आवासीय स्थिति, साक्षरता, रोजगार और अन्य महत्वपूर्ण आंकड़ों का संकलन किया जाता है। इन आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विभिन्न विकास योजनाओं और नीतियों का निर्माण करती है, इसलिए जनगणना का कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और निष्पक्षता के साथ किया जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनरों से कहा कि वे प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी और दिशा-निर्देशों को अच्छी तरह समझें और आगे होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित करें, ताकि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। साथ ही मास्टर ट्रेनरों को निर्देश दिए गए कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की समझ को परखने के लिए समय-समय पर परीक्षण भी कराया जाए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनरों को जनगणना-2027 के अंतर्गत हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना के विभिन्न चरणों, जनगणना की अवधारणाओं, प्रपत्रों के सही और त्रुटिरहित संधारण, डिजिटल एप्लीकेशन के उपयोग, फील्ड स्तर पर कार्य संचालन तथा रिपोर्टिंग प्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा प्रशिक्षण में गुणवत्ता, एकरूपता और समयबद्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि जनगणना के दौरान एकत्र की गई सभी सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है और निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन किया जाना चाहिए। फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान के बारे में भी विशेषज्ञों ने विस्तार से मार्गदर्शन दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 16, 17 और 18 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें नामित फील्ड ट्रेनरों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद यही फील्ड ट्रेनर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जनपद में जनगणना-2027 का कार्य प्रभावी और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा कराया जा सके। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी विशेषज्ञों ने किया और जनगणना से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, मास्टर ट्रेनर रुपेश कुमार, अपर जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी धुरेंद्र तोमर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, जनगणना निदेशालय से ज्योति नामदेव और गौरव गुंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा नामित फील्ड ट्रेनर उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts