हल्द्वानी। Rakshabandhan 2026: भाई-बहन के स्नेह और अटूट रिश्ते के पर्व रक्षाबंधन को खास बनाने में डाक विभाग ने नया प्रयोग किया है।दूर-दराज बसे भाइयों को राखियों के साथ पूजा की सामग्री व अन्य गिफ्ट को स्पेशल बाक्स में पैक कर भेजा जा रहा है। प्रधान डाकघर हल्द्वानी में यह प्रीमियम राखी गिफ्ट बाक्स ग्राहकों को काफी पसंद आ रहे हैं। तीन दिन पहले आए इन बाक्स को अब तक आठ लोगों ने खरीदा है।
कीमत 500 रुपये
उत्तराखंड परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय से इस वर्ष रक्षा बंधन पर्व के लिए प्रधान डाकघर हल्द्वानी को बेहद आकर्षक व प्रीमियम राखी गिफ्ट बाक्स मिले हैं। अनमोल तोहफा, अनमोल रिश्ते के लिए के संदेश से तैयार यह बाक्स उत्सव की खुशियों को दोगुना कर रहे हैं। डाकघर में उपलब्ध इन विशेष गिफ्ट बाक्स की कीमत 500 रुपये है।बाक्स में दो आकर्षक राखियों के साथ पारंपरिक अक्षत-कुमकुम, बैज, फ्रिज मैग्नेट, पिक्चर पोस्टकार्ड और की-रिंग जैसी वस्तुएं दी गई हैं। इससे बहनों को पूजा व उपहार का सामान देने के लिए अलग से भटकना नहीं पड़ रहा है। इसके अलावा डाकघर में राखियों को सुरक्षित भेजने के लिए विशेष वाटरप्रूफ लिफाफों की बिक्री हो रही है, जो 12 रुपये के हैं। इसके लिए विशेष काउंटर की व्यवस्था की गई है।























































