मुजफ्फरनगर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा थाना नई मंडी एवं थाना खालापार पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को मौके पर जाकर कार्रवाई करने को कहा गया।
एसएसपी ने समाधान दिवस में मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच करते हुए निर्धारित समय सीमा में समाधान किया जाए। विशेष रूप से महिला अपराध से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर जांचने और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर एसएसपी ने समाधान दिवस में उपस्थित शिकायतकर्ताओं को साइबर अपराध और साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर जागरूक किया। उन्होंने लोगों को बताया कि अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से कैसे साइबर ठगी हो सकती है और इससे बचाव के लिए किन सावधानियों को अपनाना जरूरी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर दें।
थाना समाधान दिवस के उपरांत एसएसपी द्वारा थाना नई मंडी और थाना खालापार का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, मैस, हवालात, बैरक, मालखाना, मिशन शक्ति केंद्र सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया गया। उन्होंने थानों में अभिलेखों की स्थिति की भी जांच की और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में खड़े लम्बित एवं जब्त वाहनों के शीघ्र एवं विधिसम्मत निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए, ताकि परिसर में अव्यवस्था न रहे। मिशन शक्ति केंद्र के निरीक्षण के समय महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता कार्यक्रमों के संचालन तथा प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नियमित पैदल एवं वाहन पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके। इसके साथ ही अवैध शराब तस्करी और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
















