होली पर्व और रमजान माह में जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह और पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने नगर क्षेत्र में भ्रमण कर ड्यूटी प्वाइंट्स की जांच की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सुरक्षा बल क्षेत्र में सतर्क दृष्टि बनाए रखें और लगातार गश्त करें। बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच करने के साथ ही सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों, असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, आमजन से बातचीत कर उन्हें जागरूक किया गया कि सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और सोशल मीडिया पर कोई भी भ्रामक खबर या आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट न करें। किसी भी अफवाह की पुष्टि उच्च अधिकारियों से करने की सलाह दी गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जा रही है और भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर राजू कुमार साव, कोतवाली नगर थानाध्यक्ष अक्षय शर्मा, खालापार थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।















