मुजफ्फरनगर के खालापार थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इन तस्करों को दबोचते हुए उनके कब्जे से 22 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा दो गाड़ियां भी जब्त की गई हैं, जिनका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था। इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नए एसएसपी संजीव सुमन ने किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता है कि आम जनता को सुरक्षित माहौल मिल सके और समाज में कानून का भय बना रहे। एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई करते हुए तस्करी, नशा और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसी जाएगी।















